रांची, एजेंसियां। IPL 2024 से ठीक पहले गुजरात टाइटंस और झारखंड के खेल प्रेमियों को बड़ा धक्का लगा है।
गुजरात 24 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से आईपीएल 2024 में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। लेकिन, उससे पहले ही विकेटकीपर खिलाड़ी रॉबिन मिंज चोटिल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि रॉबिन पूरे सीजन को मिस करने वाले हैं, क्योंकि उनकी चोट अभी ठीक नहीं हुई है। बता दें कि राबिन मिंज पिछले दिनों रांची में बाइक एक्सीडेंट में चोट का शिकार हुए थे।
इसमें उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। गुजरात टाइटंस के कोच आशीष नेहरा ने भी पुष्टि करते हुए बताया है कि रॉबिन आगामी IPL में नहीं खेलेंगे।
रॉबिन मिंज के पिता फ्रांसिस मिंज का कहना है कि उनके बेटे को सुपर बाइक चलाते समय चोट आयी है। रॉबिन झारखंड के गुमला जिले के रहने वाले हैं।
वह रांची में रिंग रोड पर कावासाकी कंपनी की सुपर बाइक चला रहे थे और इस दौरान बाइक पर से अपना नियंत्रण खो बैठे और एक्सीडेंट हो गया।
हालांकि, उन्हें बहुत गंभीर चोट नहीं लगी लेकिन आइपीएल से बाहर हो गये। उन्हें इतनी चोट जरूर आई है कि वो कुछ दिन क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे।
बता दें कि रॉबिन को आईपीएल 2024 के ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा था।
गुजरात टाइटंस के कोच आशीष नेहरा ने यह भी बताया कि रॉबिन मिंज के IPL 2024 के दौरान ठीक होने की संभावनाएं बहुत कम हैं।
इसे भी पढ़ें
ईडी ने केजरीवाल को भेजा नौवां समन, 21 को पूछताछ के लिए बुलाया