Sensex:
मुंबई, एजेंसियां। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार (11 अप्रैल) को सेंसेक्स करीब 1500 अंक (2.10%) की तेजी के साथ 75,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
निफ्टी में भी 500 अंकों से ज्यादा की तेजी है, ये 22,890 के स्तर पर है। फार्मा और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है।
NSE के 50 शेयरों में से 46 में तेजी है। निफ्टी मेटल इंडेक्स 4.30% और फार्मा 2.50% ऊपर है। वहीं ऑटो और आईटी इंडेक्स करीब 2% ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
Sensex: बाजार में तेजी की 2 वजहः
- अमेरिकी टैरिफ से 90 दिन की राहत:
9 अप्रैल को चीन को छोड़कर अन्य सभी देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 90 दिनों के लिए टालने के अमेरिकी राष्ट्रपति के फैसले के बाद वहां का बाजार 12% चढ़कर बंद हुआ था। वहीं अगले दिन सुबह यानी, 10 अप्रैल को एशियाई बाजारों में 10% तक की तेजी आई।
भारतीय बाजार कल यानी गुरुवार 10 अप्रैल को महावीर जयंती के कारण बंद था। इसीलिए आज अमेरिकी और एशिया के अन्य बाजारों में गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार ऊपर है।
- भारत-अमेरिका ट्रेड डील होने की उम्मीद:
90 दिनों की अस्थायी राहत से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के बारे में चल रही चर्चाओं को गति मिलने की उम्मीद है। भारत के विपरीत चीन को टैरिफ़ में छूट नहीं दी गई है। इससे भारतीय एक्सपोर्टर्स को शॉर्ट टर्म में कॉम्पिटिटिव एडवांटेज मिल सकता है।
Sensex: अमेरिकी बाजार में 4% से ज्यादा की गिरावटः
अमेरिका का डाउ जोन्स इंडेक्स 1,015 अंक (2.50%), नैस्डेक कंपोजिट 738 अंक (4.31%) और S&P 500 इंडेक्स 189 अंक (3.46%) गिरावट के साथ बंद हुए।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 4.22% (1,460 अंक) गिरकर 33,148 पर है। कोरिया के कोस्पी में 1.15% (28 अंक) की गिरावट है, ये 2,416 पर कारोबार कर रहा है।
चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.14% की गिरावट है, ये 3,219 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 0.34% की गिरावट है।
9 अप्रैल को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 4,358.02 करोड़ के शेयर बेचे। जबकि भारतीय, यानी घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 2,976.66 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
इसे भी पढ़ें
Stock market : एशियाई बाजार संभले, सेंसेक्स 350 अंक चढ़ा, सुबह 1200 अंक ऊपर आया