Monsoon fury:
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसूनी बारिश ने तबाही मचा रखी है। हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में बादल फटा, जान-माल का नुकसान
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। सड़कों पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर बिखरे पड़े हैं। बिजली सप्लाई ठप है और राहत कार्य जारी हैं।
मध्य प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात
गुना जिले में 70 साल पुराना डैम टूटने से बाढ़ की स्थिति बन गई। घरों में एक मंजिल तक पानी भर गया है। उज्जैन में दीवार गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। राज्य के 34 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में रेवा नदी उफान पर
झालावाड़ जिले में लगातार बारिश से रेवा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। खदानों और गांवों में पानी भर गया है, जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ है।
उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा बाधित
सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है। भारी बारिश के चलते यात्रियों को रोका गया है और मलबा हटाने का कार्य जारी है।
IMD का अलर्ट: अगले कुछ दिन चुनौतीपूर्ण
IMD ने चेतावनी दी है कि बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। विशेष अलर्ट मध्य प्रदेश, हिमाचल, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, गुजरात और उत्तराखंड के लिए जारी किया गया है। लोगों से नदियों और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand Heavy Rain: झारखंड में भारी बारिश का कहर जारी, नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं