इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पेशावर एयरपोर्ट पर खड़ी एक सऊदी एयरलाइंस के विमान में आग लगने की घटना सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक विमान में 276 यात्री और 21 क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट सऊदी के रियाद से पेशावर आई थी।
पेशावर एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लैंड करते ही प्लेन के लैंडिंग गियर में आग लगी। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 792 गुरुवार सुबह पेशावर हवाई अड्डे पर लैंड हुईं। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान लूप में टर्न हो रहा था उसी समय उसके बाएं लैंडिंग गियर में धुआं उठता नजर आया।
जब तक अधिकारी चौकन्ने होते तब तक आग की लपटें उठने लगीं। समय रहते एयरपोर्ट अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सभी पैसेंजर फ्लाइट में मौजूद थे।
आपातकालीन गेट से निकाले गए यात्री
हादसे के वक्त विमान में तकरीबन 276 पैसेंजर सवार थे। आग लगने की जानकारी होते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तुरंत ही रेस्क्यू टीम विमान की ओर भेजी। इसके बाद विमान के इमरजेंसी गेट से यात्रियों को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
इसे भी पढ़ें