Ukraine prison:
कीव, एजेंसियां। रूस-यूक्रेन युद्ध लगातार और भयावह होता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र में स्थित एक जेल पर हवाई हमला किया है। इस हमले में 17 कैदियों की मौत हो गई जबकि 80 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
स्टेट क्रिमिनल एग्जीक्यूटिव सर्विस’ के मुताबिक
यूक्रेन की ‘स्टेट क्रिमिनल एग्जीक्यूटिव सर्विस’ के मुताबिक, यह हमला सोमवार देर रात किया गया, जब कैदी आम तौर पर आराम कर रहे होते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रूसी विमानों ने जेल को निशाना बनाते हुए चार बम गिराए। हमले में जेल का भोजन कक्ष पूरी तरह तबाह हो गया और प्रशासनिक इमारत को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
42 कैदियों की हालत गंभीर
घायलों में 42 कैदियों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य 40 को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल की सीमा और सुरक्षा बाड़ को नुकसान नहीं पहुंचा है, और कोई भी कैदी फरार नहीं हुआ है। यूक्रेन ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ युद्ध अपराध करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि असैन्य ढांचे, जैसे कि जेल, अस्पताल और स्कूल को निशाना बनाना जिनेवा संधि का उल्लंघन है।
यूक्रेन ने भी रूस किया पलटवार
इससे पहले यूक्रेन ने भी रूस पर पलटवार करते हुए ड्रोन स्ट्राइक की थी। यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के स्टावरोपोल क्षेत्र में एक रेडियो और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध संयंत्र को निशाना बनाया था, जहां रडार, नेविगेशन और रिमोट कंट्रोल सिस्टम बनाए जाते थे। इस हमले में भी रूस को भारी नुकसान पहुंचा है।दोनों पक्षों की ये कार्रवाइयाँ जंग के और अधिक उग्र होने की ओर संकेत कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें