रांची। रांची जिले के चान्हो में एक राजस्वकर्मी घूस लेते धराया है। रांची एसीबी की टीम ने चान्हो में राजस्व कर्मचारी बेंजामिन कुजूर को घूस लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी की टीम गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ कोको निवासी पीड़ित सुनीत उरांव ने एसीबी में लिखित शिकायत की थी।
सुनीत ने बताया था कि उसने 6 फरवरी को सनिया उरांव से 5 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जिसका म्यूटेशन कराने के लिए ऑनलाईन आवेदन चान्हो अंचल में किया था।
म्यूटेशन नहीं होने पर वह राजस्व कर्मचारी से मिला था। इस संबंध में बात करने पर कर्मचारी व्यांजन मिंज उर्फ बेंजामिन कुजूर ने म्यूटेशन करने के एवज में 11,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
पीड़ित के आवेदन पर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार प्रजापति से मामले का सत्यापन कराया गया। मामला सही पाये जाने के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंचल कार्यालय से राजस्व कर्मचारी व्यांजन मिंज उर्फ बेंजामिन कुजूर को 7,000 रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
उसे गिरफ्तार कर रांची लाया गया है। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें