three-day Prakash Utsav: पटना साहिब में तीन दनी प्रकाश उत्सव संपन्न

2 Min Read

three-day Prakash Utsav

पटना, एजेंसियां। पटना साहिब तख्त श्री हरमंदिर गुरुद्वारा में तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव संपन्न हो गया। इस अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु महाराज को नमन किया। उत्सव के दौरान पूरे गुरुद्वारा परिसर को लाइटों और फूलों से सजाया गया। सुबह से रात तक गुरबाणी, कीर्तन, अखंड पाठ साहिब और शब्द-कीर्तन का आयोजन हुआ। रागी जत्थों के मधुर कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

नगर कीर्तन और सेवा कार्यः

प्रकाश पर्व के पहले दिन भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें पंज प्यारे, गतका दल, कीर्तन मंडलियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर कीर्तन के दौरान ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। मार्ग में श्रद्धालुओं और संगठनों द्वारा शरबत, फल और जल सेवा की गई। तख्त प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की। गुरु का चौबीसों घंटे चलने वाला लंगर भी सजाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

देश-विदेश से आये श्रद्धालुः

गुरु गोविंद सिंह का 359वां प्रकाश पर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित कई मंत्रियों, सांसदों और सिख संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अति श्रद्धा के साथ मनाया। देश-विदेश से आए वक्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन, त्याग, साहस और मानवता के योगदान पर प्रकाश डाला। उत्सव के अंत में अरदास की गई, जिसमें विश्व कल्याण, शांति और भाईचारे की कामना की गई। तीन दिवसीय यह पर्व श्रद्धा, सेवा और समर्पण की मिसाल बनकर संपन्न हुआ और सभी धर्मों में सौहार्द की भावना को भी बढ़ावा दिया।

Share This Article