रांची। रांची जिले के कई अंचल आधिकारी (CO) म्यूटेशन के मामले निष्पादित करने में सुस्त हैं। अंचलाधिकारियों की इस सुस्ती पर रांची के डीसी राहुल सिन्हा ने नाराजगी जाहिर करते हुए 6 अंचलाधिकारी को शो-कॉज किया है।
इस बाबत पत्र जारी किया गया है।डीसी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि समीक्षा क्रम में पाया गया है कि अंचल में काफी सारे म्यूटेशन के मामले लंबित है।
जबकि झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 के अनुपालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद म्युटेशन के मामलों का ससमय निष्पादन नहीं करना सुस्ती-लापरवाही को दर्शाता है।
डीसी ने स्पष्टीकरण में पूछा है क्यों नहीं झारखंड सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 अंतर्गत विलंब के लिए दोषी मानते हुए अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत अर्थदंड अधिरोपित की जाए।
डीसी ने जिन अंचल अधिकारियों को शो कॉज किया है उन्हें ससमय अपना जवाब समर्पित करने का निर्देश दिया है।
दरअसल 30 दिन व उससे ज्यादा समय से शहर अंचल में 41, कांके अंचल में 37, रातू अंचल में 25, हेहल अंचल में 20, बुंडू अंचल में 17 और अरगोड़ा अंचल में 33 मामले लंबित हैं।
सीएम चंपाई सोरेन ने दिया है सख्त निर्देश
पिछले दिनों विभागीय समीक्षा बैठक के क्रम में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने म्यूटेशन के लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताई थी।
उन्होंने सभी डीसी को स्पष्ट निर्देश दिया था कि 90 दिनों से ज्यादा समय से जहां भी म्यूटेशन लंबित हो, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाये।
हजारीबाग में 7 सीओ को शो काज
इससे पहले हजारीबाग की डीसी नैंसी सहाय ने 7 सीओ को शो काज किया था। इन सभी सीओ के खिलाफ म्यूटेशन के काम में लापरवाही बरतने का आरोप था।
इसे भी पढ़ें
म्युटेशन लटकाने वाले सीओ पर कार्रवाई, हजारीबाग डीसी ने 7 को किया शो कॉज