Ranchi Sadar Hospital:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची का सदर अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करनेवाला देश का नंबर-1 अस्पताल बन गया है। एक बार फिर चर्चा में है। यहां आयुष्मान भारत – मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत देश में सबसे ज्यादा मरीजों का इलाज किया गया। इससे अस्पताल को अच्छा खासा मुनाफा भी हुआ है।
115 करोड़ का क्लेमः
अब तक 2,02,859 मरीजों ने रांची सदर अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराया है। इनका खर्च अस्पताल ने योजना के तहत कवर किया। अस्पताल ने 115 करोड़ रुपये का क्लेम सरकार के पास जमा किया है। इसका मतलब यह है कि मरीजों को अपनी जेब से यह पैसा खर्च नहीं करना पड़ा।
पहली तिमाही में ही 12 करोड़ का क्लेमः
वित्तीय वर्ष 2024-25 के पहले 3 महीनों में ही सदर अस्पताल ने 12 करोड़ रुपए का क्लेम किया है। वहीं, 2023-24 में यह आंकड़ा 32 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। इस दौरान करीब 51,968 मरीजों को योजना का लाभ मिला था। इस योजना से सिर्फ मरीजों को ही नहीं, बल्कि अस्पताल को भी फायदा हो रहा है। क्लेम के पैसों का इस्तेमाल अस्पताल में नई मशीनें खरीदने, सर्जरी की सुविधा बढ़ाने और अस्पताल को सुधारने में किया जा रहा है।
अस्पताल में सुधर रहीं व्यवस्थाएः
सदर अस्पताल में आयुष्मान योजना से जुड़ी पूरी टीम को इंसेंटिव भी मिल रहा है। इसमें डॉक्टरों से लेकर सफाईकर्मियों तक शामिल हैं। सभी की दिलचस्पी की वजह से ही सबसे ज्यादा केस और भुगतान रांची सदर अस्पताल में ही हो रहे हैं। बता दें कि रांची सदर अस्पताल को 2019 में देश के मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में दूसरा स्थान भी मिला था। बता दें कि आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को रांची से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।
इसे भी पढ़ें