Ranchi Lok Bhavan Garden Open: रांची का लोकभवन उद्यान आम लोगों के लिए खुला, अब रांची में भी ट्यूलिप फूलों की खूबसूरती देखने का मौका

2 Min Read

Ranchi Lok Bhavan Garden Open

रांची। रांची का लोकभवन उद्यान आम लोगों के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी तक खोला गया है। उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला रहेगा, जबकि प्रवेश दोपहर 1 बजे तक ही मिलेगा। देश में कश्मीर के बाद अब रांची में भी ट्यूलिप फूलों की खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा। रांची के लोकभवन परिसर स्थित उद्यान में पहली बार ट्यूलिप लगाए गए हैं, जिनमें शानदार फ्लावरिंग हुई है।

आइसबर्ग लेट्यूस और काले आलू बने आकर्षण

लोकभवन उद्यान में इस बार कई विशेष पौधे और सब्जियां भी उगाई गई हैं। उद्यान प्रभारी रबुल अंसारी ने बताया कि किचन गार्डेन में आइसबर्ग लेट्यूस खास तौर पर लगाया गया है, जिसका उपयोग सलाद, सैंडविच और बर्गर में किया जाता है। इसमें करीब 96 प्रतिशत पानी होता है और यह विटामिन ए, के और फोलेट से भरपूर होता है।

इसके अलावा, पिछले साल लोगों की पसंद बने काले आलू की खेती इस बार दोगुनी कर दी गई है। लगभग दो डिसमिल क्षेत्र में काले आलू की फसल तैयार की जा रही है। साथ ही काले गाजर भी उगाए गए हैं। उद्यान में सभी प्रकार की मौसमी सब्जियां और साग भी लगाए गए हैं।

नए फूलों से सजेगा लोकभवन उद्यान

ट्यूलिप के साथ इस बार तीन नए किस्म के फूल भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे। इनमें कैना लिली, मरक्यूरिस और रेननकुलस शामिल हैं, जिन्हें पहली बार लोकभवन में लगाया गया है।

उद्यान प्रभारी पर्यवेक्षक नीलेश रासकर ने बताया कि रांची की जलवायु ट्यूलिप के लिए अनुकूल है। दिसंबर महीने में सफेद, लाल, गुलाबी और काले रंग के करीब 200 ट्यूलिप बड्स लगाए गए थे। इनमें से तीन रंगों के फूल खिल चुके हैं, जबकि काले रंग के ट्यूलिप कुछ ही दिनों में खिलने की उम्मीद है। ये सभी हाइब्रिड इम्पोर्टेड बीज हैं और इस बार प्रयोग के तौर पर लगाए गए हैं। भविष्य में नवंबर महीने से बड़ी संख्या में ट्यूलिप लगाने की योजना है।

Share This Article
Exit mobile version