MS Dhoni brand ambassador: झारखंड पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, महेंद्र सिंह धौनी बनेंगे ब्रांड एंबेसडर

2 Min Read

MS Dhoni brand ambassador

रांची। झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को झारखंड पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर पर्यटन विभाग और महेंद्र सिंह धौनी के बीच जल्द ही एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया जाएगा।

महेंद्र सिंह धौनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का आग्रह

राज्य सरकार की ओर से झारखंड के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए महेंद्र सिंह धौनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का आग्रह पत्र भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर धौनी ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है, जिसके बाद विभागीय स्तर पर औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पर्यटन विभाग का मानना है कि धौनी जैसी वैश्विक पहचान रखने वाली शख्सियत के जुड़ने से राज्य के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महेंद्र सिंह धौनी झारखंड के मूल निवासी हैं और उनकी लोकप्रियता देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है। ऐसे में उनके जुड़ने से झारखंड के प्राकृतिक, धार्मिक और साहसिक पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिल सकती है। इससे राज्य की ब्रांड इमेज को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन विभाग और महेंद्र सिंह धौनी के बीच होने वाले एमओयू में प्रचार अभियानों, ब्रांडिंग गतिविधियों और विभिन्न पर्यटन आयोजनों में भागीदारी से जुड़ी शर्तें तय की जाएंगी। इसके माध्यम से झारखंड को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम किया जाएगा। सरकारी स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि धौनी के ब्रांड एंबेसडर बनने से झारखंड पर्यटन को नई गति मिलेगी। इससे न सिर्फ देश-विदेश से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।

Share This Article
Exit mobile version