JLKM for Model Code
रांची। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने गैर-दलीय चुनाव होने के बावजूद राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) और संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश थाना प्रभारी को दिया है।
राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 27 जनवरी 2026 से नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। आयोग के निर्देशों में नगरपालिका चुनावों को पूरी तरह गैर-दलीय बताया गया है। इसके बावजूद 30 जनवरी 2026 को JLKM की ओर से पार्टी के लेटर पैड पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा की गई। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रत्याशी का परिचय, दस सूत्रीय विजन और जनता के नाम संदेश जारी किया गया, जिसे आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है।
इनके खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश
कार्रवाई के लिए भेजे गए पत्र के साथ प्रेस विज्ञप्ति की प्रतिलिपि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के फोटो और वीडियो, केंद्रीय अध्यक्ष को लिखा गया पत्र तथा सोशल मीडिया से जुड़े फेसबुक लिंक को साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
