Maiya Samman Yojana
रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को फरवरी माह की सम्मान राशि जारी कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से 3 लाख 87 हजार 174 महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से राशि भेजी गई है। कुल मिलाकर महिलाओं के खातों में 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इससे पहले जनवरी माह की सम्मान राशि भी लाभुकों को दी जा चुकी है।
जिला प्रशासन के अनुसार
जिला प्रशासन के अनुसार फरवरी महीने में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इनमें प्रमुख रूप से अनगड़ा, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र, बड़गाईं शहरी क्षेत्र, बेड़ो, बुंडू, बुंडू नगर पंचायत, बुढ़मू, चान्हो, हेहल शहरी क्षेत्र, ईटकी, कांके, खलारी, लापुंग, मांडर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली, सोनाहातू, तमाड़ और सदर शहरी क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।
रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी तरह की त्रुटि या देरी न हो।
उन्होंने कहा कि अगर किसी लाभुक को राशि प्राप्त करने में कोई समस्या आती है तो उसका त्वरित समाधान किया जाएगा। यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और जिला प्रशासन इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयासरत है।







