रांची। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज चतरा के कार्यकर्ताओं का मिजाज भांपने झारखंड आ रहे हैं।
वह दोपहर 12 बजे रांची पहुंचेंगे और यहां से चतरा के लिए रवाना हो जायेंगे। चतरा पहुंचने पर राजनाथ सिंह सबसे पहले इटखोरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके बाद वे चतरा, हजारीबाग और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन करेंगे।
रक्षामंत्री के आने की सारी तैयारियां हो चुकी है। उनके आगमन को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
चतरा में करीब 45 मिनट रुकने के बाद राजनाथ सिंह रांची के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर 3 बजे डिबडीह में स्थित कार्निवल में रांची, खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
चर्चा है कि राजनाथ सिंह के झारखंड दौरे के बाद चतरा और धनबाद सीट पर उम्मीदवारों का नाम तय किया जायेगा।
चतरा में पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद बीजेपी इस पर फैसला लेगी। बताते चलें कि चतरा के मौजूदा सांसद सुनील सिंह को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है।
वे स्थानीय उम्मीदवार की मांग कर रहे हैं। उधर सुनील सिंह राजनाथ सिंह के करीबी भी हैं। इसीलिए राजनाथ सिंह के इस दौरे को चतरा के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें
BPSC की परीक्षा के छात्रों को झारखंड में रोका गया, हो रही पूछताछ