Baaz Saran:
नई दिल्ली, एजेंसियां। पंजाबी संगीत जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मशहूर पंजाबी सिंगर बाज सरन को ड्रग्स तस्करी के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है। बाज सरन का असली नाम जगसीर सिंह उर्फ काला है और वह हरियाणा के सिरसा जिले का रहने वाला है। सरन पर 36.150 किलोग्राम अफीम की तस्करी का आरोप है और वह करीब 10 साल से फरार चल रहा था।
2016 से था भगोड़ा घोषित
साल 2016 में बाज सरन को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद से वह अपनी पहचान, नाम और जगह बार-बार बदलता रहा ताकि गिरफ्तारी से बच सके। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर खुद को एक “उभरते गायक” के तौर पर पेश किया और यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग बना ली। बताया जा रहा है कि उसके इंस्टाग्राम पर 32,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
मई 2025 में जारी हुआ पोस्टर और इनाम
एनसीबी ने इस साल मई 2025 में सरन की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया। देशभर के प्रमुख अखबारों में उसकी तस्वीर और जानकारी प्रकाशित की गई, साथ ही उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को ₹50,000 इनाम देने की घोषणा की गई। इसी अभियान की वजह से वह हरियाणा के सिरसा में पकड़ा गया।
सोशल मीडिया पर छिपकर बनाई पहचान
चौंकाने वाली बात यह है कि कानून से भागते हुए भी बाज सरन ने सिंगर के रूप में नाम कमाया। गानों और वीडियो के ज़रिए वह धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर फेमस हो गया और उसके खिलाफ चल रही गंभीर जांच का आम लोगों को अंदाज़ा तक नहीं था।
चंडीगढ़ जोनल यूनिट की कार्रवाई
इस गिरफ्तारी को NCB की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने अंजाम दिया। सरन को सिरसा में पकड़ा गया और फिर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें
आज विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद होगा 6000 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश