Shambhavi Chaudhary:
पटना, एजेंसियां। समस्तीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने समाजवादी पार्टी की सांसद और प्रमुख नेता डिंपल यादव के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया है। सोमवार, 28 जुलाई 2025 को शांभवी ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं को अपने सम्मान के लिए एकजुट रहना चाहिए और इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रमुख और डिंपल यादव के पति अखिलेश यादव ने भी अपनी पत्नी के लिए आवाज नहीं उठाई, जो बेहद दुखद है।
शांभवी चौधरी ने कहा
शांभवी चौधरी ने कहा, “जिस तरह से एक महिला सांसद को बदनाम किया गया वह बिल्कुल गलत है और सांप्रदायिकता के आधार पर हुई इस टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता। चाहे राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सभी को मिलकर खड़ा होना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति तुष्टिकरण की राजनीति है, जबकि एनडीए महिलाओं के सम्मान के लिए हमेशा खड़ा रहा है।
कब शुरू हुआ यह मामला ?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने एक टीवी डिबेट के दौरान डिंपल यादव के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की। इस घटना के बाद विपक्ष सहित कई दलों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। लखनऊ के विभूति खंड थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मुद्दे पर एनडीए सांसदों ने संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।
शांभवी चौधरी ने कहा
शांभवी चौधरी ने कहा कि साजिद रशीदी की उक्त टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह पूरे लोकतंत्र और महिलाओं के अधिकारों पर हमला है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अभद्रता के खिलाफ एकजुट होकर कदम उठाएं ताकि महिलाओं का सम्मान कायम रहे और राजनीति में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित हो सके।
इसे भी पढ़ें
बिहार में झुनझुना पर बवाल, तेजस्वी को शांभवी ने दिया ये करारा जवाब








