BJP President Election 2026: राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन आज, दोपहर 2 से 4 बजे तक प्रक्रिया

Anjali Kumari
3 Min Read

BJP President Election 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आज अहम दिन है। पार्टी के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया के तहत आज दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंगलवार 20 जनवरी को बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।

बीजेपी मुख्यालय में पूरी तैयारी

बीजेपी अध्यक्ष चुनाव 2026 को लेकर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान देशभर के सभी राज्यों से प्रस्ताव भेजे जाएंगे। प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, पहले प्रस्ताव पत्र पर प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर होंगे।

नितिन नबीन नहीं जाएंगे बीजेपी कार्यालय

कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज नामांकन के दौरान बीजेपी मुख्यालय नहीं जाएंगे। उनकी ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता निर्वाचन अधिकारी को नामांकन प्रस्ताव सौंपेंगे। बाद में नितिन नबीन बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अपने आवास पर मुलाकात कर सकते हैं। इसे संगठनात्मक समन्वय और समर्थन प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

नेताओं के बयान, ऐतिहासिक बदलाव के संकेत

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी में सब कुछ शुभ और सकारात्मक है और भाजपा “नित-नूतन और नवीन” दिशा में आगे बढ़ रही है। वहीं भाजपा सांसद रवि किशन ने इसे “नए भारत और युवा भारत के लिए ऐतिहासिक दिन” बताया और नितिन नबीन को अग्रिम बधाई दी।

पहली बार दिखेगा ऐतिहासिक बदलाव

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार अध्यक्ष चुनाव में बीजेपी के इतिहास में एक नया और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल सकता है। व्यापक सहमति और समर्थन के चलते चुनाव प्रक्रिया के निर्विरोध रहने की भी संभावना जताई जा रही है।बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर उत्साह का माहौल है और पूरे देश की नजरें इस अहम संगठनात्मक फैसले पर टिकी हुई हैं।

Share This Article