रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 13 जनवरी को धनबाद नहीं आयेंगे। पीएम सिंदरी स्थित उर्वरक कारखाना हर्ल का उद्धाटन करने आनेवाले थे। हालांकि हर्ल की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर BJP खेमे में उत्साह था और उनके आगमन को लेकर युद्हैध स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं।
बीते दिन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के 3 लोकसभा क्षेत्र गिरिडीह, धनबाद और कोडरमा सांसद, विधायक, पूर्व विधायक से मुलाकात की थी। 2 महीने के भीतर यह पीएम का दूसरा झारखंड दौरा हो सकता था।
बिरसा जयंती पर झारखंड आये थे पीएम
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 15 नवंबर को भी झारखंड आए थे। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती में पीएम उलिहातू गए थे। पीएम मोदी 14 नवंबर की रात को ही रांची पहुंचे थे। राजभवन में उन्होंने रात्रि विश्राम किया था। 14 नवंबर को पीएम के रांची एयपोर्ट से राजभवन जाने के दौरान तमाम चौक-चौराहों पर लोगों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया था।
अगले दिन पीएम खूंटी के उतिहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थली गये थे। इस दौरे में प्रधानमंत्री ने झारखंड को 24 हजार करोड़ की सौगात दी थी। बता दें कि मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने उलिहातू का दौरा किया और भगवान बिरसा की माटी को नमन कर उनके वंशजों से मिले थे।
पीएम के दौरे को लेकर अटकलें तेज
झारखंड की सियासत में इन दिनों हलचल मची है। नए साल की शुरूआत इस खबर से हुई कि सीएम हेमंत सोरेन इस्तीफा देंगे और गांडेय से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन चुनाव लड़ेंगी। गांडेय सीट का खाली कराना इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा था। इसके बाद सीएम ने 3 नवंबर को अपने विधायक दल की बैठक में यह साफ किया कि वो इस्तीफा नहीं देने वाले हैं।
ऐसे में प्रधानमंत्री का यह झारखंड दौरा काफी अहम माना जा रहा था। सियासी गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो चुका था। नेता अमर बाउरी ने निरसा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते वक्त यह संकेत दिया कि प्रधानमंत्री सरकारी कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद से ही अटकलों का दौर शुरू हो गया था।
इसे भी पढ़ें
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने डीसीडब्ल्यू प्रमुख के पद से स्वाति मालीवाल का इस्तीफा स्वीकार किया