देवघर, एजेंसियां। देवघर में पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
जानकारी मिली थी कि नेपाल से आए एक व्यक्ति ने देवघर के अजय मोदी के घर को गांजा तस्करी का अड्डा बना रखा है।
पुलिस टीम ने जब अजय मोदी के घर पर छापा मारा, तो तस्कर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्तियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 8 किलो 148 ग्राम गांजा बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 58 वर्षीय शम्भु साह कलवार, जो पोखरिया, जिला पारसा, काठमांडु, नेपाल का निवासी है, और देवघर के बैद्यनाथपुर के अजय मोदी शामिल हैं। दोनों पर मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में कुण्डा थाना में धारा 20 और 21 NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शम्भु साह नेपाल के ग्रामीण इलाकों से सस्ते दामों पर गांजा खरीदता था और बाबा मंदिर में पूजा के बहाने गेरुआ वस्त्र पहनकर भक्त के रूप में गांजे की तस्करी करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8.148 किलो गांजा और एक HERO कंपनी का ब्लू रंग का कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है।
इसे भी पढ़ें
देवघर में बोले भजनलाल शर्मा- कांग्रेस-JMM लूट और झूठ की राजनीति करते हैं