हैदराबाद। सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को IPL में अपनी टीम का नया कप्तान बनाया है।
टीम ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर किया है। कमिंस साउथ अफ्रीका के ऐडन मार्करम की जगह लेंगे। मार्करम की कप्तानी में पिछले सीजन टीम 10वें नंबर पर रही थी।
सनराइजर्स ने इससे पहले अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया था। साउथ अफ्रीका के डेल स्टेन की जगह अब न्यूजीलैंड के जेम्स फ्रैंकलिन बॉलिंग कोच की भूमिका निभाएंगे।
पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में 2 ICC खिताब जीते। टीम ने नवंबर में भारत को हराकर वनडे वर्ल्ड कप जीता।
उससे पहले जून में टीम इंडिया को ही हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर भी कब्जा किया। कमिंस की कप्तानी स्किल को देखते हुए ही सनराइजर्स ने उन्हें नया कप्तान बनाया।
साउथ अफ्रीका के ऐडन मार्करम ने पिछले सीजन IPL में SRH की कप्तानी की थी। टीम 14 में से 4 ही मैच जीतकर 8 पॉइंट्स के साथ 10वें नंबर पर रही।
इससे पहले 2022 के सीजन में भी टीम 9वें नंबर पर रहकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। 2021 में टीम ने आखिरी बार IPL का फाइनल खेला था।
मार्करम साउथ अफ्रीका की टी-20 लीग में सनराइजर्स ईस्टर्न कैप के कप्तान अब भी हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने लगातार 2 सीजन का खिताब जीता।
2023 के पहले सीजन में टीम ने प्रिटोरिया कैपिटल्स को हराया। वहीं 2024 में डरबन सुपरजायंट्स को हराकर टीम चैंपियन बनी।
SRH ने पिछले दिनों अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया। मैनेजमेंट ने हेड कोच ब्रायन लारा को हटाकर न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी को उनकी जगह दी है।
वहीं बॉलिंग कोच डेल स्टेन ने निजी कारणों के चलते IPL से ब्रेक ले लिया। मैनेजमेंट ने उनकी जगह न्यूजीलैंड के ही जेम्स फ्रैंकलिन को नया बॉलिंग कोच बनाया है।
इसे भी पढ़ें
जेपी नड्डा से मिले भोजपुरी स्टार पवन सिंह, कहा– जो भी होगा अच्छा होगा