Open firing:
रांची। राजधानी रांची में भी अपराधी बेलगाम हो गये हैं। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने खुलेआम फायरिंग और मारपीट की। डीएवी स्वर्णरेखा स्कूल के सामने आधा दर्जन से ज्यादा की संख्या में अपराधियों ने सन्नी कुमार नामक युवक पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान वह अधमरा होकर जमीन पर गिर गया। अपराधी गंभीर रुप से घायल सन्नी को अपने साथ लेकर चले गये। मारपीट और फायरिंग की वारदात कैमरे में कैद हुई है।
घटना के पीछे इनका हाथः
मारपीट की घटना के पीछे भाजपा से जुड़े संजय यादव उर्फ भोदू, अजय यादव उर्फ लालू यादव, सेट्टी यादव और आयुष समेत अन्य अज्ञात लोगों का हाथ बताया जा रहा है। इस मामले में गंभीर रुप से घायल सन्नी की पत्नी रितिका वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत थाना में देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।
पुलिस सख्त कदम उठा रहीः एसएसपी
पूरे मामले में रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि असामाजिक तत्वों का मनोबल तोड़ने के लिए रांची पुलिस सख्त से सख्त कदम उठा रही है। मारपीट और फायरिंग मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
5 से 6 राउंड फायरिंग का माहौल बिगाड़ने का प्रयासः
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा रहा है कि सन्नी कुमार को असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट की जा रही है और उसे उठा-उठा कर जमीन पर पटका जा रहा है। दूसरी ओर आयुष नामक युवक पिस्टल से फायरिंग कर गाली-गलौज कर रहा है। इतना ही नहीं, कुछ लोग उसे रोक रहे हैं, तो उन्हें हथियार दिखाकर डरा भी रहा है। इस वीडियो में कैद आयुष कुमार के खिलाफ कोतवाली थाना में भी हत्या का मामला दर्ज है। बीते दुर्गा पूजा के समय आयुष कुमार ने हरमू रोड में बिट्टू सिंह उर्फ नेपाली के भाई विक्की पर गोली चलाई थी।
भाजपा में मंत्री के पद पर है संजय यादवः
पीड़ित की पत्नी रितिका वर्मा के अनुसार मारपीट और फायरिंग मामले में आरोपी संजय यादव उर्फ भोदू भाजपा से जुड़ा है। हरमू मंडल में मंत्री के पद पर पदस्थापित है। भाजपा में सक्रिय सदस्य के रुप में भूमिका निभाता है।
इसे भी पढ़ें
Land dispute: बिहार के मथुरापुर गांव में जमीन के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग से युवक घायल