MLA Jairam Mahto:
बोकारो। डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ एक और केस दर्ज हुआ है। बेरमो प्रखंड के बैदकारो निवासी और सीसीएल कर्मी कैलाश महतो ने गाली-गलौज और लूटपाट का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यह घटना बुधवार 9 जुलाई की रात गुंजरडीह मोड़ के पास हुई। शिकायत के अनुसार, इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं और कैलाश महतो के गले से सोने की चेन और अंगूठी छीनने का भी आरोप है।
MLA Jairam Mahto:सड़क से वाहन हटाने को लेकर हुआ विवादः
कैलाश महतो ने नावाडीह थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह बुधवार रात अपने साथियों लोचन महतो, आशीष तपेदार, अर्जुन महतो, संजय महतो, विक्की महतो और कमलेश महतो के साथ निजी वाहन से गुंजरडीह से अपने घर बैदकारो लौट रहे थे। रास्ते में उनका वाहन खराब हो गया। इसी दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। विधायक के अंगरक्षक अशोक महतो ने वाहन को सड़क से हटाने को कहा। जब कैलाश ने बताया कि वाहन खराब हो गया है, तो अशोक महतो ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
MLA Jairam Mahto:विरोध करने पर मारपीट की गईः
कैलाश महतो ने बताया है कि विरोध करने पर अशोक महतो और जेएलकेएम समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विधायक जयराम महतो ने भी वाहन से मारा, जिससे कैलाश महतो, लोचन महतो और अर्जुन महतो घायल हो गए।
MLA Jairam Mahto:बेरमो प्रमुख के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी का आरोपः
कैलाश ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने बताया कि वह बेरमो प्रमुख गिरजा देवी के देवर हैं, तो जेएलकेएम समर्थकों ने प्रमुख के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणी की और मारपीट जारी रखी। इस दौरान उनकी सोने की चेन और अंगूठी छीन ली गई। शिकायत मिलते ही नावाडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नावाडीह में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद देर रात तीनों को छुट्टी दे दी।
इसे भी पढ़ें
MLA Jairam Mahto: विधायक जयराम महतो अपने वेतन का 75 फीसदी देंगे टॉपर छात्रों को