CM Nitish Kumar:
पटना, एजेंसियां। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना जिला के बिहटा स्थित राज्य आपदा रिस्पॉन्स बल (SDRF) वाहिनी मुख्यालय भवन का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और SDRF द्वारा आपदा प्रबंधन में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। सीएम ने प्रदर्शनी में लगाए गए उपकरणों का अवलोकन किया और जवानों का हौसला बढ़ाया।
आपदा प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएगा नया मुख्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि SDRF का गठन बाढ़, आगजनी, भूकंप, चक्रवात और नदी में डूबने जैसी आपदाओं के दौरान खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षित बल के रूप में किया गया है। इसके मुख्यालय के लिए राज्य सरकार ने 25 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई। पहले अस्थायी संरचनाओं से काम चलाया जा रहा था, लेकिन बल की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए 267.24 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाया गया।इस योजना का शिलान्यास सीएम ने 30 अप्रैल 2023 को किया था। बाद में 2025 में उन्होंने निर्माण स्थल का कई बार निरीक्षण किया और इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए थे।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर
उद्घाटन किए गए भवनों में चार मंजिला प्रशासनिक भवन, तीन मंजिला प्रशिक्षण भवन (स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, सभागार, कंप्यूटर लैब सहित), क्वार्टर मास्टर स्टोर, क्यूआरटी भवन, और कर्मियों के आवासीय बैरक शामिल हैं। बैरक में 300 जवानों के रहने की व्यवस्था है, जबकि 132 फ्लैट हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के लिए बनाए गए हैं। अधिकारियों के लिए अलग आवासीय भवन और गेस्ट रूम की भी व्यवस्था है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और SDRF के जवान मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें