नक्सली गतिविधियों से जुड़ा है मामला
गया, एजेंसियां। गया में पूर्व विधान पार्षद मनोरमा देवी के घर पर एनआइए की टीम ने छापेमारी की है।
गुरुवार अहले सुबह करीब 4:30 बजे एनआइए की टीम ने पूर्व एमएलसी के घर पर दबिश डाली। सुरक्षाबलों ने उनके घर को घेर लिया और एनआइए की टीम ने अंदर प्रवेश किया।
सुबह से ही छापेमारी जारी है। नक्सली गतिविधियों से तार जुड़े होने का सुराग मिलने की बात सामने आ रही है। जिला पुलिस की सहायता से ये छापेमारी एनआइए ने की है।
गया में अहले सुबह एनआइए की टीम पूर्व विधान पार्षद मनोरमा देवी के एपी कॉलोनी स्थित घर पर पहुंची। बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों के साथ एनआइए की टीम यहां पहुंची थी।
सुरक्षाबलों ने चारो तरफ से मनोरमा देवी के आवास को घेर लिया। मुख्य गेट पर भी जवान तैनात हुए और किसी को अंदर-बाहर होने की अनुमति नहीं दी गयी। एनआइए की टीम मनोरमा देवी के घर के अंदर गयी जहां छापेमारी जारी है।
गया पुलिस भी छापेमारी में शामिल
एनआइए ने गया पुलिस की मदद से यह छापेमारी की है। गया के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि एनआइए की टीम ने उनसे सहयोग मांगा था। जिसके बाद ये छापेमारी की गयी है।
बता दें कि मनोरमा देवी बिहार विधान परिषद की सदस्य रह चुकी हैं। जदयू ने उन्हें एमएलसी बनाया था।
मनोरमा देवी के पति दिवंगत बिंदेश्वरी प्रसाद उर्फ बिंदी यादव भी राजनीति में सक्रिय रहे थे. वो जिला परिषद सदस्य रहे और बाद में जिला परिषद अध्यक्ष भी बने।
मनोरमा देवी ने विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। विधान परिषद सदस्य रहते हुए जदयू की ओर से उन्हें टिकट मिला था और अतरी विधानसभा से वो जेडीयू की उम्मीदवार बनी थीं। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इसे भी पढ़ें
टीएमसी नेता के घर छापेमारी करने गई एनआइए [NIA] की टीम पर हमला, एक अफसर घायल