JPSC APP result 2026:
रांची। झारखंड अभियोजन सेवा के तहत सहायक लोक अभियोजक (APP) की प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम इसी महीने जारी होने की संभावना है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परिणाम प्रकाशित करने की तैयारी में जुटा है। सीधी भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि बैकलॉग नियुक्ति के लिए परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को हुई थी।
मॉडल उत्तर जारी, आपत्तियों की समीक्षा पूरी
आयोग ने दोनों श्रेणियों की प्रारंभिक परीक्षा के प्रथम पत्र (सामान्य अध्ययन) और द्वितीय पत्र (विधि विषयक) का संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। इससे पहले आयोग ने मॉडल उत्तर प्रकाशित कर अभ्यर्थियों से 1 जनवरी 2026 तक आपत्तियां मांगी थीं। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों द्वारा की जा चुकी है, जिसके आधार पर संशोधित मॉडल उत्तर तैयार किया गया है।
जल्द आएगा परिणाम, बाद में होगी मुख्य परीक्षा
संशोधित मॉडल उत्तर के आधार पर आयोग जल्द ही प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी करेगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
160 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 160 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 134 पद सीधी भर्ती के लिए और 26 पद बैकलॉग भर्ती के लिए निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि परिणाम जल्द जारी होने से उन्हें मुख्य परीक्षा की तैयारी करने में सुविधा होगी। वहीं आयोग ने भी भरोसा दिलाया है कि परिणाम जारी होते ही सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा की सूचना दे दी जाएगी।








