वाराणसी में कफ सिरप तस्करी का भंडाफोड़, खुफिया गोदाम से 30 हजार शीशियां बरामद

2 Min Read

Cough syrup smuggling

वाराणसी, एजेंसियां। वाराणसी में कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। यूपी एसटीएफ और एसआईटी लगातार इस नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एक खुफिया गोदाम से करीब 30 हजार कफ सिरप की शीशियां बरामद की गईं। बरामद माल की बाजार कीमत लगभग 63 लाख रुपये आंकी गई है। एसआईटी को सूचना मिली थी कि यह गोदाम तीन महीने पहले किराए पर लिया गया था। राहुल नाम के युवक ने इसे ‘झोले’ का कारोबार बताकर किराए पर लिया, लेकिन कमरा हमेशा बंद रखा जाता था। टीम ने छापेमारी की तो अंदर हजारों बोतलें मिलीं।

जांच में खुलासा

जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क कफ सिरप तस्करी के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से जुड़ा है। बरामद माल उसी खेप का हिस्सा है, जिसे कुछ दिन पहले रोहनिया के एक जिम से पकड़ा गया था। गोदाम का संचालन मनोज कुमार यादव के स्टैंड से किया जा रहा था, जो शुभम का करीबी बताया जा रहा है। छापेमारी के दौरान मनोज मौके से फरार हो गया। पहले गिरफ्तार किए गए आजाद जायसवाल की गाड़ी भी इसी गोदाम के पास मिली थी, जिसके आधार पर लोकेशन की पुष्टि कर छापा मारा गया। टीम ने गोदाम से कार्टन, रैपर और संबंधित दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। गोदाम को सील कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है।

एडीसीपी टी. सरवणन ने बताया कि यह मामला एक बड़े तस्करी सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है। यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोडिन युक्त सिरप किस चैनल के जरिए वाराणसी पहुंच रहा था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Share This Article