US government shutdown:
नई दिल्ली, एजेंसियां। अमेरिका में लगभग 40 दिनों से जारी शटडाउन जल्द ही खत्म हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ऐसा लग रहा है कि हम शटडाउन को समाप्त करने के बहुत करीब पहुंच चुके हैं। शटडाउन के कारण लाखों अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है, खाद्य सहायता योजनाओं पर असर पड़ा है और हवाई अड्डों पर यात्रियों को लंबी देरी का सामना करना पड़ रहा है।
अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट ने शटडाउन खत्म करने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के कुछ नेताओं ने इस पर सहमति जताई कि स्वास्थ्य देखभाल सब्सिडी के विस्तार की गारंटी दिए बिना चर्चा की जा सकती है। ट्रंप ने कहा, “हम अपने देश में आने वाले कैदियों और अवैध लोगों को कोई पैसा देने के लिए कभी भी सहमत नहीं होंगे। मुझे लगता है कि डेमोक्रेट इसे समझते हैं। जल्द ही आप सभी को इसके परिणाम के बारे में पता चल जाएगा।”
शटडाउन की शुरुआत:
शटडाउन की शुरुआत 1 अक्टूबर को हुई थी, जब ट्रंप की पार्टी को सीनेट में अस्थायी फंडिंग बिल पास कराने के लिए कम से कम 60 वोटों की जरूरत थी, लेकिन केवल 55 वोट ही जुट पाए। इससे अमेरिकी सरकार के कई विभागों को चलाने के लिए आवश्यक फंड उपलब्ध नहीं हो पाया और गैर-जरूरी सेवाओं को बंद करना पड़ा।
क्या कारण है शटडाउन का?
सरकारी शटडाउन तब होता है जब वार्षिक व्यय विधेयकों पर कांग्रेस में सहमति नहीं बनती। ऐसे में सरकारी खर्चों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं रहता और सरकार को अपनी गैर-जरूरी सेवाओं को रोकना पड़ता है। लंबे समय तक शटडाउन का असर अर्थव्यवस्था और बाजारों पर भी पड़ सकता है।
अब अमेरिकी जनता को राहत की उम्मीद है कि जल्द ही शटडाउन समाप्त होकर सरकारी सेवाएं सामान्य हो जाएंगी और कर्मचारियों को लंबित वेतन मिलेगा।







