Aryatara Shakya:
काठमांडू, एजेंसियां। नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण देखने को मिला। महज दो साल आठ महीने की आर्यतारा शाक्य को देश की नई कुमारी यानी ‘जीवित देवी’ के रूप में चुना गया। परंपरा के अनुसार, उन्हें उनके घर से भव्य जुलूस के साथ तलेजु भवानी मंदिर और फिर काठमांडू के ऐतिहासिक कुमारी घर में विराजमान कराया गया। इस मौके पर हजारों श्रद्धालु देवी की एक झलक पाने के लिए उमड़े।
पूर्व कुमारी तृष्णा शाक्य का स्थान लियाः
आर्यतारा ने पूर्व कुमारी तृष्णा शाक्य का स्थान लिया है, जो साल 2017 में जीवित देवी चुनी गई थीं और हाल ही में 12 वर्ष की आयु में पहली माहवारी के बाद परंपरा अनुसार ‘देवी’ का रूप त्यागकर सामान्य जीवन में लौट आईं।
परिवार का गर्व, बेटी का देवी बनना सम्मान की बातः
नई कुमारी का पूरा नाम आर्यतारा शाक्य है। वे काठमांडू की मूल निवासी हैं और नेवार समुदाय के शाक्य वंश से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता का नाम अनंत शाक्य, माता का नाम प्रतिष्ठा शाक्य है, जबकि उनकी बड़ी बहन का नाम पारमिता शाक्य है। परंपरा के मुताबिक, जब कोई बालिका कुमारी चुनी जाती है, तो उसे परिवार से अलग मंदिर में रहना पड़ता है। माता-पिता केवल साल में 13 अवसरों पर सार्वजनिक आयोजनों के दौरान ही उनसे मिल सकते हैं। फिर जब उसे प्रथम माहवारी आती है, तो कुमारी का पद छोड़ देना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें
नेपाल में राजशाही समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, काठमांडू में आगजनी, 1 की मौत, कर्फ्यू लगा








