Sharad Pawar: शरद पवार की तबीयत को लेकर बेटी सुप्रिया सुले ने दी अपडेट, कहा-जल्द होंगे स्वस्थ

2 Min Read

Sharad Pawar

मुंबई, एजेंसियां। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। सीने में तकलीफ और खांसी की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने उनके स्वास्थ्य को लेकर ताजा जानकारी साझा की है।

सुप्रिया सुले के अनुसार, शरद पवार की हालत में सुधार हो रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उन्होंने बताया कि पवार फिलहाल एंटीबायोटिक्स पर हैं और यह इलाज अगले चार दिनों तक जारी रहेगा। खांसी के अलावा उन्हें कोई गंभीर समस्या नहीं है और बाकी सभी स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं।

परिवार ने समर्थकों का जताया आभार

सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से शरद पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वाले लोगों और समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने अस्पताल की मेडिकल टीम और डॉक्टरों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जो लगातार उनकी देखभाल कर रहे हैं।इससे पहले, शरद पवार के पोते रोहित पवार ने बताया था कि उनकी विस्तृत मेडिकल जांच की गई है।

उन्हें आईसीयू में नहीं रखा गया है और वे अस्पताल के प्राइवेट रूम में भर्ती हैं। फिलहाल उन्हें किसी बाहरी लाइफ-सपोर्ट सिस्टम की जरूरत नहीं है। रिपोर्ट के आधार पर आगे के इलाज का फैसला किया जाएगा कि उन्हें पुणे में ही रखा जाए या मुंबई ले जाया जाए।

85 वर्ष के शरद पवार उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करते रहे हैं, लेकिन परिवार का कहना है कि उनकी स्थिति स्थिर है और कुछ दिनों के इलाज के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं।

Share This Article
Exit mobile version