Smuggling gang busted: कर्नाटक में 1143 किलो लाल चंदन जब्त, अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह बेनकाब, लग्जरी कारें भी बरामद

3 Min Read

Smuggling gang busted:

बैंगलोर, एजेंसियां। कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाल चंदन की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 1143 किलो लाल चंदन और 3 लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी अभी भी फरार हैं। यह गिरोह आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में सक्रिय था।

शिकायत से शुरू हुई जांच, आरोपी गिरफ़्तार:

कार्रवाई की शुरुआत 7 नवंबर को तब हुई जब हुलिमावु थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि बन्नेरघट्टा मुख्य सड़क पर गोत्तिगेरे झील के पास एक संदिग्ध कार खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से लाल चंदन की बिक्री करता है। मौके से 95 किलो लाल चंदन और एक कार जब्त की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद 20 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

आरोपी की जानकारी पर कई ठिकानों पर छापेमारी:

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह आंध्र प्रदेश के कडपा जिले से लाल चंदन कम कीमत पर खरीदता था और कर्नाटक व तमिलनाडु में ऊंचे दामों पर बेचता था। उसकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कई जगह छापेमारी की और कुल 1,143 किलो लकड़ी के साथ 3 लग्जरी गाड़ियां बरामद कीं।पूरी कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के DCP एम. नारायण (IPS) के निर्देश पर और ACP के. एम. सतीश की निगरानी में की गई, जबकि हुलिमावु थाने के इंस्पेक्टर बी. जी. कुमारस्वामी और उनकी टीम ने मौके पर ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गिरोह के बाकी सदस्य फरार, तलाश जारी:

पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसके बाकी सहयोगियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरा गिरोह गिरफ्त में होगा।लाल चंदन की तस्करी दक्षिण भारत में एक बड़ी समस्या बन चुकी है, ऐसे में यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Share This Article