IndiGo bomb alert: इंडिगो फ्लाइट्स में बम अलर्ट से हड़कंप, दो विमान अलग-अलग एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारे गए

Anjali Kumari
2 Min Read

IndiGo bomb alert:

बैंगलोर, एजेंसियां। इंडिगो एयरलाइंस पिछले दो दिनों से उड़ानें रद्द होने को लेकर सुर्खियों में बनी हुई थी, लेकिन गुरुवार को मामला और गंभीर हो गया। एयरलाइन की दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर हड़कंप मच गया। मदीना से हैदराबाद आ रही फ्लाइट को तत्काल अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जबकि शारजाह से हैदराबाद के लिए उड़ान भर चुकी दूसरी इंडिगो फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से मुंबई डायवर्ट किया गया।

इस विमान में 80 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे:

गुरुवार दोपहर मदीना से हैदराबाद आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-058 को बम धमकी की सूचना मिली। इस विमान में 80 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे। धमकी मिलते ही पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करने का निर्णय लिया। रनवे पर पहले से ही CISF, एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी और इंडिगो स्टाफ तैनात थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को तुरंत विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने विमान की तलाशी ली, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान नहीं मिला।

इसी बीच, शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को भी बम धमकी मिलने की खबर आई। सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर यह उड़ान मुंबई एयरपोर्ट डायवर्ट कर दी गई। यहां भी विमान की जांच की जा रही है और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दोनों घटनाओं के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य हो सकी।

अधिकारियों के मुताबिक:

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों धमकियों की प्रकृति संदिग्ध लग रही है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि धमकी किसने और किस उद्देश्य से दी। एयरलाइन और सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे घटनाक्रम पर सतर्क निगरानी बनाए रखी है।

Share This Article