Stock market: शेयर बाजार बढ़त के साथ हुआ बंद, सेंसेक्स 943 अंक उछला, निफ्टी 25,000 के पार

2 Min Read

Stock market:

नई दिल्ली, एजेंसियां। बजट वाले दिन आई भारी गिरावट के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने दमदार वापसी की। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 81,666.46 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 के स्तर पर पहुंच गया। दिन के कारोबार में निफ्टी 25,108 और सेंसेक्स 81,732 के उच्चतम स्तर तक गया।

तेल-गैस, बैंकिंग और ऑटो शेयरों में खरीदारी

बाजार में तेजी की अगुवाई तेल एवं गैस, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों ने की। सेंसेक्स की कंपनियों में पावर ग्रिड के शेयर 7.61 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 4.76 प्रतिशत चढ़े। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, इंटरग्लोब एविएशन, आईसीआईसीआई बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट भी प्रमुख लाभ में रहे। हालांकि एक्सिस बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, ट्रेंट और टाइटन के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।

बजट घोषणाओं से बाजार को मिला सपोर्ट

विशेषज्ञों के मुताबिक बजट 2026-27 में विनिर्माण, कृषि, पर्यटन और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों पर सरकार के फोकस से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 53.5 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसे दीर्घकालिक विकास का रोडमैप माना जा रहा है। हालांकि एफएंडओ पर एसटीटी बढ़ोतरी से बजट के दिन बाजार में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

वैश्विक संकेत और कच्चे तेल की कीमतों का असर

वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले। एशियाई बाजारों में कमजोरी रही, जबकि यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। इस बीच ब्रेंट क्रूड 4.88 प्रतिशत गिरकर 65.94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे घरेलू बाजार को कुछ राहत मिली। विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल बाजार सतर्क रहेगा, लेकिन मजबूत फंडामेंटल्स से आगे स्थिरता आ सकती है।

Share This Article
Exit mobile version