Gaurav Khanna: ‘बिग बॉस 19’ विनर गौरव खन्ना की पत्नी का WhatsApp हैक, लोगों को किया सावधान

2 Min Read

Gaurav Khanna:

मुंबई, एजेंसियां। भारतीय सेलिब्रिटीज लगातार साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं। ताजा मामला ‘बिग बॉस 19’ के विनर गौरव खन्ना की पत्नी और टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा खन्ना से जुड़ा है। आकांक्षा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने अपने दोस्तों, फैन्स और परिचितों को सतर्क रहने की अपील की है।

इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी जानकारी

15 दिसंबर को आकांक्षा खन्ना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि यह नंबर उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा है और उनके दोस्तों को मैसेज भेज रहा है। आकांक्षा ने लोगों से अपील की कि वे इस नंबर को इग्नोर करें और तुरंत रिपोर्ट करें।

‘मेरे नाम पर हो रही ठगी से रहें दूर’

आकांक्षा ने साफ किया कि यह उनका नंबर नहीं है और वह किसी अन्य मोबाइल नंबर का इस्तेमाल भी नहीं कर रही हैं। उन्होंने लिखा, “प्लीज सावधान रहें, यह मेरा नंबर नहीं है। मेरे पास कोई दूसरा नंबर नहीं है।” उनके इस पोस्ट के बाद फैन्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी सतर्कता बरतने की अपील की है।

आकांक्षा खन्ना का करियर और निजी जीवन

41 वर्षीय आकांक्षा खन्ना एक जानी-मानी टेलीविजन एक्ट्रेस हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लोकप्रिय सीरियल ‘स्वरागिनी’ से की थी और बाद में ‘भूतू’ और वेब सीरीज ‘कैन यू सी मी’ में भी नजर आईं। सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहती हैं।

गौरव–आकांक्षा की लव स्टोरी

गौरव खन्ना और आकांक्षा की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता प्यार में बदला और दोनों ने 24 नवंबर 2016 को कानपुर में शादी की। फिलहाल, आकांक्षा के व्हाट्सएप हैक होने की खबर ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share This Article