Saurabh Joshi: भाजपा के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के नए मेयर, आप-कांग्रेस गठबंधन टूटा

3 Min Read

Saurabh Joshi

चंडीगढ़, एजेंसियां। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा ने एक बार फिर कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को हुए मेयर चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी विजयी घोषित किए गए। निगम सदन में हुए मतदान में सौरभ जोशी को 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के योगेश ढींगरा को 11 और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को सात वोट प्राप्त हुए। इस चुनाव के साथ ही आप-कांग्रेस का गठबंधन पूरी तरह टूट गया।

मेयर चुनाव की प्रक्रिया प्रिजाइडिंग अफसर रमणीक बेदी की देखरेख में शुरू

मेयर चुनाव की प्रक्रिया प्रिजाइडिंग अफसर रमणीक बेदी की देखरेख में शुरू हुई। सबसे पहले कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कराया गया, लेकिन आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का समर्थन नहीं किया। इसी चरण में यह स्पष्ट हो गया था कि भाजपा की जीत तय है। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के लिए वोटिंग के बाद सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार सौरभ जोशी के लिए हाथ उठाकर मतदान कराया गया, जिसमें उन्हें स्पष्ट बहुमत मिला।

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को 11 वोट

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को 11 वोट मिले। पार्टी में बगावती रुख अपनाने वाले रामचंद्र यादव ने भी अंततः ढींगरा के पक्ष में ही वोट दिया। इस बार चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि किसी तरह की धांधली की आशंका न रहे। मेयर के अलावा सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा के जसमनप्रीत सिंह विजयी रहे, जबकि डिप्टी मेयर पद पर सुमन देवी ने जीत हासिल की। रामचंद्र यादव ने चुनाव से पहले ही अपना नामांकन वापस ले लिया था।

सौरभ जोशी ने कहा

मेयर पद संभालने के बाद सौरभ जोशी ने कहा कि यह जीत नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने संबोधन में अपने पिता के संघर्ष, परिवार के समर्थन और जनता के विश्वास का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति उनके लिए शोर नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर चंडीगढ़ के विकास और नागरिकों की सेवा के लिए काम किया जाएगा।

Share This Article
Exit mobile version