Sanjay Kapoor
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद और गहरा हो गया है। उनकी मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया कपूर के खिलाफ एक नया मुकदमा दायर किया है। रानी कपूर ने आरोप लगाया है कि उनके नाम का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी से एक ट्रस्ट बनाया गया और उन्हें संपत्ति से जुड़े अहम तथ्यों से अंधेरे में रखा गया। रानी कपूर ने अदालत से मांग की है कि आरके फैमिली ट्रस्ट / रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट को अमान्य घोषित किया जाए। उन्होंने इस ट्रस्ट के गठन से लेकर अब तक के सभी बैंक खातों और लेनदेन का पूरा ब्योरा भी मांगा है। इस मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट में होने की संभावना है।
ट्रस्ट पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप
करीब 80 वर्षीय रानी कपूर का कहना है कि ट्रस्ट उनके नाम पर बनाया गया, लेकिन इसकी प्रक्रिया और संचालन की जानकारी उन्हें कभी नहीं दी गई। उन्होंने प्रिया कपूर समेत आठ अन्य लोगों पर साजिश और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। रानी कपूर ने अदालत से यह भी अपील की है कि ट्रस्ट की संपत्तियों के किसी भी इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाई जाए। इस विवाद में नया पहलू तब जुड़ा, जब संजय कपूर की पूर्व पत्नी और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी प्रिया कपूर के खिलाफ अदालत का रुख किया। बच्चों का दावा है कि उन्हें संपत्ति से जुड़ी जानकारी जानबूझकर नहीं दी जा रही है।
बैंक खातों और संपत्ति का पूरा हिसाब मांगा
रानी कपूर ने याचिका में कहा है कि वह कपूर परिवार की मुखिया हैं और परिवार में उनकी दो बेटियां, दिवंगत पुत्र संजय कपूर और उनके बच्चे शामिल हैं। ऐसे में ट्रस्ट और संपत्तियों से जुड़े फैसलों में उन्हें दरकिनार करना न केवल गलत है, बल्कि कानूनन भी आपत्तिजनक है।
पुरानी वसीयत का भी जिक्र
मामले में रानी कपूर के दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर का भी उल्लेख किया गया है। याचिका के अनुसार, डॉ. सुरिंदर कपूर का निधन 30 जून 2015 को हुआ था और उन्होंने 6 फरवरी 2013 की वसीयत के जरिए अपनी पूरी चल-अचल संपत्ति रानी कपूर के नाम कर दी थी, जिसे बॉम्बे हाईकोर्ट ने विधिवत प्रमाणित किया था।
प्रिया कपूर का पलटवार
दूसरी ओर, प्रिया कपूर भी कानूनी मोर्चे पर सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी ननद मंदिरा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह मामला पटियाला हाउस कोर्ट में बंद कमरे में सुना जा रहा है। प्रिया कपूर का आरोप है कि मंदिरा पॉडकास्ट, सोशल मीडिया और मीडिया इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ झूठे और मानहानिकारक आरोप लगा रही हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।








