Raveena Tandon expressed
मुंबई, एजेंसियां। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की नृशंस हत्या पर बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बांग्लादेशी हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर चिंता जताई और उन लोगों पर तंज कसा, जो ऐसी घटनाओं को भी सही ठहराने की कोशिश करते हैं। रवीना टंडन का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और बड़ी संख्या में यूजर्स इसे रीट्वीट कर समर्थन जता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जताया आक्रोश
रवीना टंडन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कुछ लोग अब भी इन हत्याओं को जायज ठहराएंगे।” उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें यह दावा किया गया था कि दीपू दास के खिलाफ ईश निंदा का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। रवीना का यह बयान उन लोगों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है, जो धार्मिक हिंसा को सही ठहराने की कोशिश करते हैं।
कैसे हुई दीपू दास की हत्या
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपू दास बांग्लादेश के मायमनसिंह इलाके में एक फैक्ट्री में काम करते थे। उन्मादी भीड़ ने उन्हें फैक्ट्री से पकड़कर बेरहमी से पीटा। इसके बाद बीच सड़क पर उनके गले में रस्सी डालकर फांसी दे दी गई। यहीं नहीं, मौत के बाद भी भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ और दीपू दास के शव को सार्वजनिक रूप से जला दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
ईश निंदा का आरोप बना वजह
बताया गया है कि उन्मादी भीड़ ने दीपू दास पर ईश निंदा का आरोप लगाया था, हालांकि बाद में सामने आया कि इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण नहीं था। इसके बावजूद भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उनकी जान ले ली।
बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा पर चिंता
गौरतलब है कि छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश के कई इलाकों में हिंसा भड़की हुई है। तोड़फोड़ और हत्याओं की घटनाओं के बीच अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रवीना टंडन की प्रतिक्रिया ने इस मुद्दे को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा में ला दिया है।








