Dhanbad municipal election 2026: धनबाद के वार्ड नं. 27 में बवाल, पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक भिड़े

2 Min Read

Dhanbad municipal election 2026:

धनबाद। नगर निकाय चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 27 के बूथ 106, 110, 111 और 112 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।

विवाद की वजह और आरोप-प्रत्यारोपः

जानकारी के अनुसार पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी देवी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी देवी की जेठानी उर्मिला देवी, जो उसी मतदान केंद्र पर बीएलओ के रूप में तैनात हैं, मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं। संजय कुमार ने कहा कि उनके परिचित रमेश कुमार सिंह को प्रमोद कुमार यादव ने बूथ के बाहर निकाल दिया और सड़क के बाहर खड़े लोगों पर हमला किया गया।

वहीं, दूसरी ओर प्रमोद कुमार यादव, जो पिंकी देवी के अभिकर्ता हैं, ने आरोपों से इंकार किया। उनका कहना था कि संजय कुमार सिंह बाहरी लोगों को लाकर मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोकने पर विवाद शुरू हुआ।

पुलिस ने संभाला मामलाः

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बूथ परिसर से बाहर कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शांतिपूर्वक जारी रही।

Share This Article