Ram Temple in Ayodhya:
लखनऊ, एजेंसियां। अयोध्या में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर परिसर में धर्म ध्वजा फहराने जा रहे हैं। यह आयोजन अभिजीत मुहूर्त (11:55–12:00 बजे) के बीच सम्पन्न होगा। लगभग 5 मिनट की अवधि में 190 फीट ऊंची धर्म ध्वजा को फहराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल भी मौजूद रहेंगी। प्रधानमंत्री लगभग 3 घंटे 30 मिनट अयोध्या में रुकेंगे।
5 हजार महिलाएं करेंगी आरती:
ध्वजारोहण से पहले प्रधानमंत्री मोदी का भव्य रोड शो होगा। साकेत महाविद्यालय हेलीपैड से लेकर राम मंदिर तक करीब 1 किलोमीटर लंबे रामपथ पर उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लगभग 5000 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में थाली और आरती लेकर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगी। रामपथ को 8 अलग-अलग जोनों में बांटा गया है, जिनमें सबसे अधिक 1500 महिलाएं जोन-8 और 1200 महिलाएं जोन-4 में तैनात रहेंगी। साथ ही हजारों संत वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
अयोध्या में सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता:
कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अयोध्या में 7 अस्थायी मेडिकल कैंप स्थापित किए हैं। श्रीराम हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूरे शहर में साज-सज्जा की गई है और सभी मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
इसी दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ भी दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अयोध्या पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
