Dharmendra Tribute: धर्मेंद्र के निधन पर राष्ट्रपति, PM और CM हेमंत ने जताया शोक

2 Min Read

Dharmendra Tribute:

नई दिल्ली, एजेंसियां। अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चुके धर्मेंद्र को लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुखः

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा- “वयोवृद्ध अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। वह देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे और अपने लंबे फिल्मी करियर में अनेक यादगार भूमिकाए निभाईं। भारतीय सिनेमा के एक ऊचे स्तंभ के रूप में उन्होंने ऐसी विरासत छोड़ी है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

PM मोदी बोले- एक युग का अंतः

PM मोदी ने भी धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा- “धर्मेंद्र जी का जाना भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत जैसा है। वह एक महान कलाकार थे, जिनकी हर भूमिका में गहराई और आकर्षण झलकता था। विविध किरदारों में उनकी अदाकारी लोगों के दिलों को छू जाती थी। अपनी सादगी, विनम्रता और आत्मीयता के कारण भी वे सभी के प्रिय थे। इस दुखद घड़ी में मैं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हूँ। ओम शांति।”

सीएम हेमंत ने दी श्रद्धांजलिः

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उनके निधन से फिल्म जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। वह एक महान कलाकार और शानदार इंसान थे।
धर्मेंद्र के निधन से फिल्म जगत, राजनीति और उनके करोड़ों प्रशंसकों में गहरा शोक है। उनकी फिल्मों और व्यक्तित्व की यादें आने वाले वर्षों तक लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

Share This Article
Exit mobile version