Rahul Gandhi PM controversy:
नई दिल्ली, एजेंसियां। क्या राहुल गांधी को सिंगापुर से प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश हो रही है। इस मामले में बीजेपी ने बड़ा चौंकानेवाला खुलासा किया है। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। पात्रा ने दावा किया कि बीजेपी और आरएसएस को नीचा दिखाने और राहुल गांधी को बढ़ावा देने के लिए उनके विदेशों में स्थित अकाउंट काम कर रहे हैं। पात्रा ने कहा कि खुद राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश के खिलाफ बयान देते हैं।
संबित पात्रा ने आगे कहा कि सिंगापुर में लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम कर रहे हैं। वे न तो मतदाता हैं और न ही भारतीय। उनका अकाउंट भी फर्जी हैं। पश्चिम एशिया, सिंगापुर, पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोग राहुल गांधी का समर्थन कर रहे हैं। उन्हें विदेशों से महानता का प्रमाण पत्र मिल रहा है। हमारे देश का नैरेटिव विदेशी धरती से सेट किए जा रहे हैं।
विदेशी सोशल मीडिया एकाउंट्स का ले रहे सहाराः
संबित पात्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर बने कई अकाउंट मीडिया को दिखाए। उन्होंने कहा कि ये विदेश से बनाए गए अकाउंट है। उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर चुनाव आयोग, बीजेपी- RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान का प्रदर्शन किया। पात्रा ने कहा कि साल 2014 से ही कांग्रेस खासकर राहुल गांधी, उनकी सोशल मीडिया और सलाहकार टीम और वामपंथी दलों के जाने-माने चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
कांग्रेस पर विदेशों में अकाउंट बनाने का आरोपः
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, सिंगापुर और अमेरिका समेत कई देशों में सोशल मीडिया एक्स पर अपने अकाउंट बनाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इसका मकसद भारत में बीजेपी- RSS और मोदी सरकार के खिलाफ हवा बनाना है। पात्रा ने कहा कि यह बात तब सामने आई है जब कुछ दिन पहले एक्स ने एक नया फीचर पेश किया है, जिसके जरिए खाताधारकों की लोकेशन, खाता बनाने की तारीख व अन्य जानकारियां मिल सकती हैं।
इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि इस फीचर का इस्तेमाल करने के बाद, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का एक्स’ अकाउंट अमेरिका में पाया गया। उन्होंने कहा महाराष्ट्र कांग्रेस का एक्स अकाउंट आयरलैंड में स्थित है। अब उन्होंने इसे भारत में बदल दिया है, लेकिन जब यह अकाउंट बनाया गया था, तब यह आयरलैंड में स्थित था। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अकाउंट थाईलैंड एंड्रॉइड ऐप के जरिए जुड़ा है, हालांकि यह भारत में स्थित है।
राहुल गांधी पर हमलाः
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ बकवास करते हैं। उन्होंने भारत में गृहयुद्ध भड़काने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने विदेश जाकर दूसरे देशों से अपील की कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और उन्हें आकर हमें बचाना चाहिए। वह आरएसएस और बीजेपी की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करते हैं।
पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी कहती है कि वह सड़कों पर उतरकर भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करेगी। राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के हर संवैधानिक संगठन के खिलाफ बोलते हैं। अब समय आ गया है कि उन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया जाए। राहुल गांधी राजनेता बनने के लायक नहीं हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है।








