Rahul Gandhi:
नई दिल्ली, एजेंसियां। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डरते हैं और उनके दबाव में आकर भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने का फैसला किया है।
“पीएम मोदी ट्रंप से डरते हैं- राहुल गांधी:
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “पीएम मोदी ट्रंप से डरते हैं। उन्होंने ट्रंप को यह एलान करने दिया कि भारत अब रूसी तेल नहीं खरीदेगा। बार-बार की अनदेखी के बावजूद बधाई संदेश भेजे जाते हैं।” दरअसल, कुछ दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हमास और इस्राइल के बीच शांति समझौते की घोषणा की थी, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया था। इसी बात को लेकर राहुल गांधी ने उन्हें घेरा और कहा कि यह दिखाता है कि मोदी सरकार अमेरिका के दबाव में काम कर रही है।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना:
राहुल गांधी ने महिलाओं के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि वहां महिला पत्रकारों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी ने लिखा कि “श्रीमान मोदी, जब आप महिला पत्रकारों को सार्वजनिक मंचों से बाहर रखने की अनुमति देते हैं, तो आप भारत की हर महिला को यह संदेश देते हैं कि आप उनके लिए खड़े होने के लिए बहुत कमजोर हैं। नारी शक्ति पर आपके नारे ऐसे अवसरों में खोखले साबित होते हैं।”
राहुल गांधी का दावा:
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि वित्त मंत्री का अमेरिकी दौरा रद्द कर दिया गया और प्रधानमंत्री मोदी ऑपरेशन सिंदूर पर ट्रंप का विरोध करने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि विदेश नीति और महिलाओं के अधिकार जैसे मुद्दों पर सरकार की चुप्पी यह साबित करती है कि “प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हैं।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। बीजेपी ने कांग्रेस नेता के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि मोदी सरकार भारत के हितों से कोई समझौता नहीं करती और “भारत प्रथम” की नीति पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसे भी पढ़ें
Rahul Gandhi: राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी, BJP प्रवक्ता ने कहा था- सीने में गोली मारी जाएगी








