Himanta Biswa Sharma: हिमंत के बयान पर कांग्रेस का तीखा रिएक्शन, प्रियंका बोलीं- जनता सब देख रही है

3 Min Read

Himanta Biswa Sharma

गुवाहाटी, एजेंसियां। असम विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा के बयान पर तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कुछ नेता जनता के मुद्दों की बात करते हैं, जबकि कुछ ध्रुवीकरण और व्यक्तिगत हमलों की राजनीति करते हैं।प्रियंका गांधी ने कहा, “ऐसी राजनीति किसी को भी शोभा नहीं देती। हमारी राजनीति कभी किसी के परिवार पर हमला करने या समाज को बांटने की नहीं रही है और न रहेगी।” उन्होंने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और उनके परिवार पर हो रहे कथित हमलों का जिक्र करते हुए इसे गलत परंपरा बताया।

जुबिन गर्ग को लेकर दिया बयान

असम के लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग के निधन का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी मृत्यु के समय पूरा असम शोक में था। “ज़ुबिन गर्ग असम की आत्मा की आवाज़ थे। उनके गीतों में प्रेम, एकता और असम की अस्मिता झलकती थी। ऐसे मुद्दों पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए,” उन्होंने कहा।उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की लड़ाई असम की संस्कृति, सभ्यता और पहचान को बचाने की है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को गुवाहाटी पहुंचीं प्रियंका गांधी ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि राज्य की संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंपी जा रही है।कांग्रेस ने इस दौरान ‘जनता का आरोप-पत्र’ नाम से 20 सूत्रीय चार्जशीट जारी की, जिसमें राज्य सरकार पर सिंडिकेट राज, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने के आरोप लगाए गए हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य विभिन्न जिलों में जाकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं और जनता की आवाज़ को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

चुनावी मुकाबले की पृष्ठभूमि

असम विधानसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच बयानबाज़ी तेज हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विकास, रोजगार और सामाजिक सौहार्द के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।उन्होंने कहा, “जनता सब देख रही है और सही समय पर अपना फैसला देगी।”असम में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Share This Article