Aadhaar Seva Kendra recruitment:
नई दिल्ली, एजेंसियां। डिजिटल इंडिया मिशन के तहत आधार सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए CSC e-Governance Services India Limited ने आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से देशभर के आधार सेवा केंद्रों (ASK) में कुल 252 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि उम्मीदवार अपने ही जिले में नियुक्ति पा सकते हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
पदों का विवरण और जिम्मेदारियां
इस भर्ती के तहत दो पद शामिल हैं आधार सुपरवाइजर और आधार ऑपरेटर। सुपरवाइजर की जिम्मेदारी आधार सेवा केंद्र के संचालन और व्यवस्थापन की निगरानी करना होगी। वहीं ऑपरेटर का कार्य आधार नामांकन, अपडेट और अन्य संबंधित सेवाएं प्रदान करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास रखी गई है। इसके अलावा 10वीं के साथ दो वर्षीय आईटीआई कोर्स या 10वीं के साथ तीन वर्षीय पॉलिटेक्निक डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा से संबंधित जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।उम्मीदवार को संबंधित जिले की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है, ताकि आधार केंद्र पर आने वाले नागरिकों को सहज और प्रभावी सेवा मिल सके।
नियुक्ति की शर्तें और आवेदन प्रक्रिया
यह नियुक्ति पूर्णतः कॉन्ट्रैक्ट आधार पर एक वर्ष के लिए होगी। कार्य प्रदर्शन के आधार पर अनुबंध की अवधि बढ़ाई जा सकती है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट के “ASK Job Opening” सेक्शन में जाकर राज्य और जिले के अनुसार “Apply Now” लिंक पर क्लिक करना होगा। आवश्यक विवरण भरने, दस्तावेज अपलोड करने और फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी।








