Election Commission:
नई दिल्ली, एजेंसियां। चुनाव आयोग ने बिहार के बाद देश के अन्य राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कराने की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग ने हलफनामे में कहा कि 1 जनवरी 2026 को SIR के लिए कट-ऑफ डेट माना गया है और उसी के आधार पर सभी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (CEO) को तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर ध्यान
आयोग ने बताया कि साल 2026 में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले इन राज्यों में SIR कराना आवश्यक है। आयोग ने स्पष्ट किया कि SIR कराने की जिम्मेदारी और अधिकार पूरी तरह चुनाव आयोग के पास हैं।
बिहार में मिली चुनौतियों को ध्यान में रखा जाएगा
चुनाव आयोग ने कहा कि हाल ही में बिहार में हुए SIR के दौरान जो चुनौतियां सामने आईं, उन्हें बाकी राज्यों में लागू करते समय ध्यान में रखा जाएगा। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आयोग को अपनी प्रक्रियाओं और बाधाओं की जानकारी दी, ताकि अन्य राज्यों में SIR बिना किसी परेशानी के और पूरी तरह सही ढंग से संपन्न हो सके।
राज्यों के CEO के साथ बैठक
चुनाव आयोग ने हाल ही में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CEO के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न राज्यों में SIR कराने और आगामी विधानसभा चुनाव को सही ढंग से कराने के मुद्दों पर चर्चा की गई।
विपक्ष का विरोध
चुनाव आयोग ने पहले बिहार में मतदाता सूची सुधार के लिए SIR का निर्णय लिया था। विपक्षी पार्टियों ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि SIR का उद्देश्य वोटरों के अधिकारों पर असर डालना और वोटिंग प्रक्रिया में हेरफेर करना हो सकता है। विवाद के बाद मामला कोर्ट में भी पहुंच गया है।
इसे भी पढ़ें
Election Commission: चुनाव आयोग का बड़ा खुलासा-अब तक किसी राजनीतिक दल ने दर्ज नहीं कराई आपत्ति







