Amrit Bharat trains
तिरुवंतपुरम, एजेंसियां। केरल में प्रधानमंत्री मोदी ने नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इनसे हेल्थ, इनोवेशन और क्रेडिट योजनाओं से राज्य के नागरिकों को सीधा फायदा होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल में कई बड़े विकास प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से राज्य के विकास में लोगों में नई जागरूकता आई है।
केरल के विकास को नई गतिः
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन केरल के विकास में नई गति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रेलवे कनेक्टिविटी को और मजबूत किया गया है और नई परियोजनाएं तिरुवनंतपुरम को देश के एक प्रमुख केंद्र में बदलने में मदद करेंगी।
इन ट्रेनों को दिखाई हरी झंडीः
पीएम मोदी ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और एक त्रिशूर-गुरुवायूर पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।
इनोवेशन और क्रेडिट सुविधा की शुरुआतः
प्रधानमंत्री ने सीएसआईआर-एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सेंटर की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड की शुरुआत की। यह कार्ड यूपीआई से जुड़ी इंटरेस्ट फ्री रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा देता है।
गरीबों का कल्याण ही उद्देश्यः
मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत कई लाभार्थियों को लोन अमाउंट और क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस योजना का मकसद केरल और पूरे देश के गरीबों का कल्याण करना है।
हेल्थ और डाक सेवा में भी कदमः
प्रधानमंत्री ने श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में अत्याधुनिक रेडियो सर्जरी केंद्र की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने नए पूजप्पुरा मुख्य डाकखाने का उद्घाटन भी किया। मोदी ने इन सभी उपलब्धियों के लिए केरल के लोगों और पूरे देश को बधाई दी और कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए पूरा देश मिलकर काम कर रहा है।
परियोजनाएं राज्य के विकास में असर डालेंगी- सीएम
मौके पर केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई परियोजनाएं राज्य के विकास में दूरगामी असर डालेंगी। उन्होंने कहा कि केरल के लिए ये परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार लंबे समय से केंद्र से इन परियोजनाओं की मंजूरी मांग रही थी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केरल के प्रति यह संवेदनशीलता और सद्भावना बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़े अन्य क्षेत्रों की वास्तविक मांगें भी समय आने पर पूरी की जाएंगी और प्रधानमंत्री यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी योजनाएं समय पर लागू हों।








