Ujjain violence:
भोपाल, एजेंसियां। उज्जैन जिले के तराना कस्बे में सांप्रदायिक तनाव एक बार फिर भड़क उठा। गुरुवार रात की हिंसा के बाद शुक्रवार दोपहर हालात दोबारा बिगड़ गए। नमाज के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में दो समुदाय आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट और पथराव शुरू हो गया। हालात बेकाबू होते देख उपद्रवियों ने एक खड़ी बस में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बस स्टैंड क्षेत्र में 50–60 लोगों ने मचाया बवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तकिया मोहल्ला और बस स्टैंड इलाके में अचानक 50 से 60 लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बस में आग लगा दी गई। आगजनी की सूचना मिलते ही तनाव और बढ़ गया।
बजरंग दल का थाने पर प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। संगठन ने एक फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी है।
हमले से जुड़ा है पूरा विवाद
पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत गुरुवार शाम उस वक्त हुई जब बजरंग दल के नगर मंत्री सोहिल ठाकुर पर कुछ युवकों ने लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल सोहिल को उज्जैन रेफर किया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
एसपी मौके पर, सुरक्षा कड़ी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा स्वयं तराना पहुंचे। पांच थानों के प्रभारी और 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















