Parliament Constitution Day event: आज संविधान दिवस पर संसद के सेंट्रल हॉल में भव्य समारोह, कई भाषाओं में संविधान का हुआ लोकार्पण

3 Min Read

Parliament Constitution Day event:

नई दिल्ली, एजेंसियां। संविधान दिवस 2025 के अवसर पर बुधवार को संसद भवन के सेंट्रल हॉल में ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की। समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री और कई सांसद शामिल हुए। विपक्ष की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सर्वदलीय सहभागिता का स्वरूप दिया। यह आयोजन भारत की संवैधानिक परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का प्रतीक बना।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया संदेश:

कार्यक्रम की शुरुआत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संबोधन से हुई, उसके बाद उपराष्ट्रपति ने अपने विचार रखे। समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन रहा, जिसमें उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों का संरक्षक है। उन्होंने देशवासियों से संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति मुर्मू के नेतृत्व में पूरे सेंट्रल हॉल में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इस भावपूर्ण क्षण ने समारोह को विशेष और प्रतीकात्मक महत्व प्रदान किया।

कई भाषाओं में संविधान का लोकार्पण, स्मारक पुस्तिका भी जारी:

समारोह के दौरान विधायी विभाग द्वारा तैयार भारत के संविधान के नौ भारतीय भाषाओं – मलयालम, मराठी, नेपाली, पंजाबी, बोडो, कश्मीरी, तेलुगु, ओडिया और असमिया में संस्करणों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही संस्कृति मंत्रालय की स्मारक पुस्तिका ‘भारत के संविधान से कला और कैलीग्राफी’ (हिंदी संस्करण) का भी विमोचन हुआ।

देशभर में मनाया जा रहा संविधान उत्सव:

संविधान दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में मंत्रालयों, राज्यों, स्थानीय निकायों और संस्थानों द्वारा विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। नागरिक MyGov.in और संविधान75.com पर ऑनलाइन प्रस्तावना वाचन, प्रमाणपत्र प्राप्त करने और क्विज/निबंध प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से संविधान दिवस 2025 एक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के भारतीय सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।

Share This Article