UHT milk cheaper: GST 2.0 का असर: पाउच दूध की कीमतों पर असर नहीं, UHT दूध होगा सस्ता

3 Min Read

UHT milk cheaper:

नई दिल्ली, एजेंसियां। नई जीएसटी दरों के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के लिए सबसे बड़ा सवाल यह था कि रोजाना इस्तेमाल होने वाले पैकेज्ड दूध यानी पाउच दूध की कीमतों पर क्या असर पड़ेगा। इस पर अमूल ने साफ किया है कि 22 सितंबर से लागू होने वाले नए कर ढांचे के बाद भी पाउच दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। कारण यह है कि पाउच दूध पहले से ही जीएसटी से पूरी तरह मुक्त है और इस पर 0% जीएसटी लागू है।

अमूल के प्रबंध निदेशक ने कहा

अमूल के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता ने स्पष्ट किया कि मीडिया में चल रही उन खबरों का कोई आधार नहीं है जिनमें दावा किया गया था कि पाउच दूध 3-4 रुपये सस्ता हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ताजा दूध की कीमतों में कोई कमी प्रस्तावित नहीं है क्योंकि कर संरचना में इस हिस्से को पहले से ही छूट दी गई है।

उपभोक्ताओं को मिलि राहत

हालांकि, उपभोक्ताओं को राहत UHT (अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर) दूध में मिलेगी। इस दूध पर अब तक 5% जीएसटी लगता था, जिसे नए ढांचे में घटाकर 0% कर दिया गया है। इससे लंबे समय तक उपयोग किए जाने वाले टेट्रा पैक जैसे पैकेज्ड दूध की कीमतों में सीधी कमी आएगी। UHT दूध को 135°C तक कुछ सेकंड के लिए गर्म कर तैयार किया जाता है, जिससे यह बिना रेफ्रिजरेशन कई महीनों तक सुरक्षित रहता है।

वित्त मंत्री ने नई दरों की घोषणा की

3 सितंबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी 2.0 के तहत नई दरों की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि जीवन-यापन की लागत घटाने और अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए यह सुधार लाया गया है। जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक में मौजूदा 12% और 28% की दरों को हटाकर सिर्फ दो स्लैब 5% और 18% रखने का फैसला किया गया।

नतीजतन, आम उपभोक्ता के लिए रोजाना इस्तेमाल होने वाला पाउच दूध जस का तस रहेगा, लेकिन लंबे समय तक चलने वाला यूएचटी दूध अब सस्ता होगा।

इसे भी पढ़ें

GST Reform: GST दरों में बदलाव से महंगाई में 0.65–0.75% तक कमी, SBI रिपोर्ट में दावा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं