Nitin Navin BJP national president:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित संगठन पर्व के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने उनके नाम की घोषणा की। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार घोषित किया गया, क्योंकि उनके खिलाफ कोई अन्य नामांकन सामने नहीं आया। इस तरह नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए।
अध्यक्ष बनने से पहले मंदिर और गुरुद्वारे में लिया आशीर्वाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों में दर्शन किए। उन्होंने झंडेवाला मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर और बांग्ला साहिब गुरुद्वारा पहुंचकर आशीर्वाद लिया। उनके इस कदम को पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा और नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि नितिन नबीन पार्टी की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी से आते हैं, जिसने देश में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलाव देखे हैं। उन्होंने नितिन नबीन की युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव को पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के लिए बेहद उपयोगी बताया।

