Nitin Naveen: नितिन नवीन ने संभाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान, PM मोदी की मौजूदगी में दिया पहला संबोधन

Anjali Kumari
3 Min Read

Nitin Naveen

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में अपना पहला संबोधन दिया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की और प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया।

अपने पहले भाषण में नितिन नवीन ने साफ संदेश दिया कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है और आगे की राजनीति भी इसी कार्यकर्ता-आधारित सोच पर चलेगी। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपा जाना भाजपा की उस परंपरा को दर्शाता है, जिसमें संगठन सर्वोपरि है।

नितिन नवीन के संबोधन की प्रमुख बातें

नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक कार्यकर्ता के रूप में देशसेवा करते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जनता की भावनाओं से खुद को जोड़ लेता है, वही वास्तव में बड़ा नेता बनता है। पीएम मोदी के साथ गुजरात के आनंद में हुए एक पुराने कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे प्रधानमंत्री हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते थे। नितिन नवीन ने कहा, “उस दिन मुझे समझ आया कि महान वही बनता है, जो आम लोगों की भावनाओं को समझता है।” उन्होंने दोहराया कि भाजपा में राजनीति पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है और पार्टी का मंत्र “राष्ट्र प्रथम” है। उनका कहना था कि प्रेरणादायी नेतृत्व, स्पष्ट विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की वजह से भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि यह संगठन पर्व भाजपा की कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन पार्टी की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे और नई पीढ़ी का नेतृत्व करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग तक का सफर देखा है, जो पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है।

Share This Article